Saturday, 17 September 2016


तोरई चने की सब्जी 
सामग्री (चार व्यक्तियों के लिए )
भीगे काले चने एक कटोरी 
आधा किलो तोरई 
एक कटोरी टमाटर का रस या पेस्ट 
एक चम्मच शुद्ध घी 
आधा चम्मच जीरा 
१/४ चम्मच हल्दी 
नमक स्वादानुसार 
धनिया पाउडर एक चम्मच 
लाल मिर्च पाउडर आधा चम्मच 
गरम मसाला १/४ चम्मच 
पिसी मोटी सौंफ आधा चम्मच 
चुटकी भर हींग 

विधि - चनों को धोकर उबाल लें तोरई को छीलकर ,धो कर मनचाहे आकार  में काट लें | प्रेसर कुकर में घी गरम करें , जीरा डालकर चटकाएँ , हींग डालें ,पिसे टमाटर डालें | चमचे से हिलाते हुए भूनें | दो, तीन मिनिट के बाद तोरई एवं चने डालें | सारे मसाले डालकर अच्छी तरह से मिलाएँ |लगभग एक गिलास पानी डालें, ढक्कन बंद करके पकाएँ | तीन ,चार सीटी आने के बाद आँच कम करके लगभग दस मिनिट तक पकाएँ | गरम - गरम पराँठा या चपाती के साथ खिलाएँ |

Friday, 9 September 2016

पालक -पनीर विद कॉर्न 
सामग्री (चार व्यक्तियों के लिए)
आधा किलो ताज़ी पालक
 मध्यम आकार के चार  टमाटर
२०० ग्राम ताज़ा पनीर (छोटे-छोटे टुकड़े )
एक कप कॉर्न
आधा कप ताजा क्रीम / मलाई
एक बड़ा चम्मच शुद्ध घी
एक छोटा चम्मच जीरा
नमक स्वादानुसार
१/४ चम्मच गरम मसाला
१/४ चम्मच लाल मिर्च पाउडर
विधि -पालक को साफ़ कर धो कर उबालकर पीस लें | टमाटर को धोकर मिक्सी में पीस लें | एक कड़ाही में घी डालकर गरम करें |
जीरा डालकर चटकाएँ | यदि मलाई का प्रयोग कर रहे है तो कड़ाही में डालकर अच्छी तरह मिल जाने तक चलाएँ, टमाटर डालकर अच्छी तरह मिक्स होने तक भूनें | यदि क्रीम का प्रयोग कर रहे हैं तो जीरा चटकने के बाद पिसा हुआ टमाटर डालकर सात से दस मिनिट  भूनें | पिसा हुआ पालक डालकर चलाएँ , आँच कम रखें |पालक-टमाटर जब भली-भाँति मिक्स हो जाए तब क्रीम डालकर मिक्स करें | (दो चम्मच क्रीम बचा लें ) पनीर एवं कॉर्न डालकर सारे मसाले डालकर पाँच मिनिट के लिए ढककर पकाएँ | परोसते समय क्रीम से सजाएँ |



Sunday, 14 August 2016

                                                                        तिरंगी सब्जी 
सामग्री (चार व्यक्तियों के लिए )
फ्रेंच बीन्स २०० ग्राम
मध्यम आकार के दो आलू
दो बड़ी गाजर
१/२ चम्मच जीरा
१/४ चम्मच लाल मिर्च पाउडर
१/४ चम्मच अमचूर
१/६ चम्मच गरम मसाला
१/४ चम्मच हल्दी चाहें तो डालें
१/६ चम्मच बड़ी सौंफ पिसी हुई
नमक स्वादानुसार एक चम्मच रिफाइंड तेल
विधि - सभी सब्जियों को अच्छी तरह धोकर पोंछकर सुखा लें | मनचाहे आकार में काट लें | कड़ाही में तेल डालकर गरम करें | जीरा डालकर चटकाएँ | हींग डालें | आलू एवं गाजर को डालकर नमक डालें | यदि आप सब्जी में नारंगी ,हरा और सफ़ेद रंग चाहती /चाहते हैं तो हल्दी का प्रयोग न करें , और अगर आप आप सब्जी में नारंगी ,हरा और पीला रंग चाहती /चाहते हैं तो हल्दी का प्रयोग करें | ढककर पकने दें | बीच -बीच में हलके हाथ से चलाते रहें | जब आलू एवं गाजर लगभग पाक जाए तब शिमला मिर्च डालकर पकने के लिए ढकें | पकने पर सभी मसाले मिलाएँ | अच्छी तरह से भूनें | अंत में गरम मसाला डालें | गरम-गरम परोसें |

तिरंगे भरावन वाला सैंडविच

                                                                                                                                 
  झटपट तैयार ,खाने में पौष्टिक और मजेदार         भरावन

            तिरंगे भरावन वाला सैंडविच 
सामग्री ( लगभग पाँच लोगों के लिए )
एक बड़ी गाजर
एक बड़ी शिमला मिर्च
१५० ग्राम पनीर
एक चम्मच टमाटर का सॉस
१/४ चम्मच लाल मिर्च पाउडर
१/४ चम्मच अमचूर                                                                                                                                                           
नमक स्वादानुसार
देशी घी या बटर सैंडविच पर लगाने के लिए
एक पैकेट ब्रेड
विधि - गाजर को छीलकर धो लें ,शिमला मिर्च को धो लें | दोनों को पोंछकर ,सुखाकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें | पनीर को भी छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें | सभी सामग्री में सभी मसाले व् सॉस मिला लें | सैंडविच मेकर पर घी या बटर अच्छी तरह लगाएँ | ब्रेड के ऊपर घी या बटर अच्छी तरह लगाएँ | हथेली पर  ब्रेड रखकर सामग्री ब्रेड पर रखें | दूसरी ब्रेड पर भी दोनों तरफ घी लगाएँ | दूसरी ब्रेड को सामग्री वाली ब्रेड पर रखकर बिलकुल हलके हाथ से सैडविच मेकर में रखकर पकाएँ | लगभग दो से तीन मिनिट में सैंडविच तैयार होता है | सॉस अथवा हरी चटनी के साथ गरम-गरम परोसें |

Tuesday, 9 August 2016

                                                                        आलू की सब्जी -बेड़मी 
आलू की सब्जी
सामग्री (चार व्यक्तियों के लिए)
पाँच आलू मध्यम आकार के
चार टमाटर मध्यम आकार के
एक चम्मच धनिया पाउडर
१/४ चम्मच हल्दी
एक  छोटा चम्मच जीरा
एक चम्मच मेथी दाना
नमक स्वादानुसार
१/४ चम्मच लाल मिर्च पाउडर
साबुत धनिया एक चम्मच
साबुत बड़ी सौंफ एक चम्मच
एक बड़ा टुकड़ा सूखा आम
दो लाल मिर्च
एक बड़ा चम्मच शुद्ध घी
हरा धनिया बारीक़ कटा हुआ
विधि-टमाटर धोकर मिक्सी में पीस लें | आलू छीलकर काट लें | कुकर में घी गरम करें | जीरा डालकर चटकाएँ | पिसा टमाटर डालकर चलाएँ | कटे  आलू डालकर सारे मसाले मिला दें | इतना पानी डालें कि सारी सामग्री अच्छी तरह डूब जाये ,बल्कि एक इंच ऊपर तक पानी रखें | ढक्कन  बंद कर एक , दो सीटी आने दें | आँच एकदम कम  कर दें | दस से पंद्रह मिनिट तक पकाएँ |आँच से उतार लें | खाते समय हरे धनिये से सजाएँ |
बेड़मी 
मोटा दरदरा आटा तीन कटोरी
मोटा पिसा बेसन आधा कटोरी
एक चमचा रिफाइंड तेल
एक चम्मच नमक
चुटकी भर हींग
बड़ी सौंफ पिसी एक चम्मच
 रिफाइंड तेल टालने के लिए
विधि - सारी सामग्री को मिलाकर थोड़ा -थोड़ा पानी डालकर आटा गूंदें | आटा न तो बहुत सख्त हो न ही एकदम नरम | बल्कि थोड़ा सख्त रखें | दस से पंद्रह मिनिट के लिए ढककर रख दें | कड़ाही में तेल गरम करें |जितनी बड़ी पूड़ी बनानी है उसी हिसाब से लोइयाँ बना लें | पूड़ी थोड़ी मोटी बेलें | अच्छी तरह से गरम तेल में पूड़ियाँ तलें | आलू की गरम सब्जी के साथ गरम -गरम परोसें

Monday, 8 August 2016

                                                             शाही पनीर 
सामग्री (चार व्यक्तियों के लिए )
३०० ग्राम पनीर (मनचाहे आकार में कटा हुआ )
५ बड़े टमाटर
एक कटोरी ताज़ी मलाई या क्रीम
१/४ कटोरी काजू -बादाम का पेस्ट
१ चम्मच धनिया पाउडर
१/२ चम्मच जीरा
१/४ चम्मच हल्दी
१/२ चम्मच लाल मिर्च पाउडर
१/४ चम्मच गरम मसाला
एक बड़ा चम्मच शुद्ध घी
८ से १० काजू
 १० से १५ किशमिश
नमक स्वादानुसार
हरा धनिया बारीक़ कटा हुआ
विधि - टमाटर को धो कर काटकर मिक्सी में पीस लें | कड़ाही में घी गरम करें | जीरा डालकर चटकने दें | टमाटर डालकर चलाएँ | यदि मलाई का प्रयोग कर रहे हैं तो मिक्सी में फेंट कर टमाटर के साथ ही कड़ाही में डाल दें | धीमी आंच पर पकाएँ | जब घी छूटने लगे तब उसमें काजू-बादाम का पेस्ट मिलाएँ | सारे मसाले डालकर अच्छी तरह से मिक्स करें | २ से ३ मिनिट तक  थोड़ा पकने दें | अब उसमें आधा गिलास पानी मिलाएँ | दो उबाल आने पर कटा हुआ पनीर  एवं काजू -किशमिश डालें | धीमी आँच पर पाँच से सात मिनिट तक पकाएँ | आँच से उतारकर हरे धनिये से सजाएँ |

Sunday, 7 August 2016

                                                भरवाँ शिमला मिर्च 
सामग्री  
छह शिमला मिर्च मध्यम आकार की
पनीर २०० ग्राम
एक चम्मच धनिया पाउडर
१/२ चम्मच लाल मिर्च पाउडर
१/२ चम्मच अमचूर
१/४ चम्मच गरम मसाला
१/६ चम्मच बड़ी सौंफ पिसी हुई
दो चम्मच बारीक बेसन
एक बड़ा चम्मच तेल
हरा धनिया बारीक कटा हुआ सजाने के लिए
नमक स्वादानुसार
विधि - शिमला मिर्च को धो कर साफ़ कपडे से पोंछे | डंठल की तरफ से शिमला मिर्च को हल्का सा काट कर अंदर से बीज निकाल लें | पनीर को हाथ से मसल कर एक सार कर लें | सारे मसाले डालकर एक बार फिर से मसलें | एक-एक कर सभी शिमला मिर्च में अच्छी तरह से भरें | अब एक शिमला मिर्च के  चिप्स की तरह तीन टुकड़े कर एक तरफ रखें | इस तरह साड़ी शिमला मिर्च को काटें | काटते समय हलके हाथ से काटे |  काटे हुए टुकड़ों के दोनों तरफ थोड़ा -थोड़ा बेसन लपेटें |चौड़े पैन में तेल गरम करें |शिमला मिर्च डालें सावधानी पूर्वक  उलट -पलट करें  ढककर दो मिनिट के लिए बिलकुल धीमी आँच पर  पकाएँ |आँच से उतार लें |
भरवाँ शिमला मिर्च तैयार है |
नोट -पनीर की जगह आलू भी भरा जा सकता है |