Thursday, 5 November 2020

                 

                  सेहत से भरपूर, पाचन हो मज़बूत  

              इस सर्दी बनाएँ हरी मिर्च नीबू संग अदरक     


सामाग्री -
१ सौ ग्राम का टुकड़ा           
२ दो नीबू बड़े 
३ पचास ग्राम हरी मिर्च 
 ४  नमक स्वादानुसार   

विधि – अदरक एवं हरी मिर्च को पानी से अच्छी तरह धो लें, पौंछ कर सुखा लें | चौड़े मुँह का एक बर्तन लें या फिर चाहें तो काँच की बोतल भी ले सकते हैं | धोकर पौंछ कर सुखा लें | अदरक के पतले-पतले लच्छे काट लें, हरी मिर्च के भी छोटे छोटे टुकड़े कर लें | बोतल में भरकर नीबू का रस मिला दें, नमक मिला दें |बोतल को अच्छी तरह से हिलाएँ जिससे नमक एवं नीबू भली-भाँति अदरक-हरी मिर्च के साथ मिल जाए | थोड़ी ही देर में अदरक का रंग गुलाबी हो जाएगा | शौक से खाइए, खाने का स्वाद बढ़ाइए एवं भोजन पचाइए | यह लगभग एक हफ्ते तक रखा जा सकता है |    

Wednesday, 1 February 2017

माँ को भोग लगाएँ बनाएँ चावल की केसरी खीर
बसंत पंचमी का दिन माँ सरस्वती को समर्पित है , इस दिन पूजा के पश्चात माँ को केसरी खीर का भोग अवश्य लगाया जाता है |
खीर ऐसी मिठाई है जिसे बच्चे -बूढ़े सभी शौक से खाते हैं , यह बनाने में भी बड़ी ही आसान है |
तो आइये शुरुआत करते हैं खीर बनाने की |
 दस -पंद्रह पत्ते केसर के  दस -पंद्रह  मिनिट पहले एक कप दूध में डालकर रख दें |
एक छोटी कटोरी चावल , डेढ़ किलो दूध
एक कटोरी चीनी
दस-पंद्रह कतरे बादाम , पंद्रह-बीस किशमिश
आधा चम्मच इलायची पाउडर
ऐसे बनाएँ- चावल साफ़ कर ,पहले से ही उबले दूध में डालकर बिलकुल कम आँच पर पकाएँ , साथ ही केसर वाला दूध डाल दें | बीच-बीच में चमचे की सहायता से चलाते रहें | जब  पकते-पकते दूध लगभग आधा रह जाए तो समझिये कि खीर तैयार है | चीनी डालें , थोड़े बादाम सजावट के लिए अलग रखकर बाकी बादाम ,किशमिश खीर में मिला दें  | चीनी घुल जाने तक आँच पर ही रहने दें एवं चलाते रहें | आँच से उतारकर इलायची पाउडर डालें  बादाम से सजाएँ माँ को अर्पित कर गरम या फिर ठंडी   कर सबको खिलाएँ |

Tuesday, 31 January 2017

                                           स्वादिष्ट ताज़ी रसेदार  मंगोड़ी 
कभी-कभी मन सब्जियों से अलग हटकर कुछ खाने का करता है , तो सोचना क्या बना लीजिये मंगोड़ी और परोसिये से प्यार से |
सामग्री - एक कटोरी धुली मूंग की दाल का पेस्ट
आधा चम्मच अजवायन
चुटकी भर हींग
आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
चार -पाँच साबुत लाल मिर्च
आधा चम्मच हल्दी पाउडर
एक चम्मच धनिया पाउडर
एक चौथाई चम्मच गरम मसाला
आधा चम्मच जीरा
नमक स्वादानुसार
एक कटोरी खट्टा दही या एक गिलास खट्टी छाछ
तेल तलने के लिए
एक चम्मच देसी घी
तीन टमाटर का पेस्ट
बारीक़ कटी अदरक एक चम्मच
हरा धनिया बारीक़ कटा हुआ
 ऐसे बनाएँ - दाल के पेस्ट को खूब फेंटे , जब हल्का लगने लगे तो समझिये कि मंगोड़ी बना सकते हैं | गहरी कढ़ाही में तेल गरम करें | छोटी-छोटी पकोड़ी के जैसी मंगोड़ी तलें | सुनहरी होने पर कढ़ाही से निकालकर अलग रखें | इस प्रकार सारे पेस्ट की मंगोड़ी बना लें | यदि आप दही का प्रयोग कर रहे हैं तो दही  को फेंट कर पतला कर लें |
एक चौड़े मुंह वाले बर्तन या प्रेशर कुकर में देसी घी गरम करें | जीरा डालकर चटकाएँ | टमाटर का पेस्ट एवं अदरक  डालकर चमचे से चलायें | लगभग पाँच मिनिट के बाद आँच कम कर दें | दही या छाछ डालें | सारे मसाले डालकर चमचे से चलाते  रहें | लगभग डेढ़ गिलास पानी डालें | आँच  तेज करें | एक-दो उबाल आने पर सारी मंगोड़ी डालें | तेज आँच पर ही पाँच -दस मिनिट खौलाएँ |
चपाती , पराँठा या पूड़ी किसी के भी साथ खाएँ | किन्तु हरे धनिये से सजाना न भूलें |

Thursday, 12 January 2017


बाजरे की खीर 


एक ऐसा मोटा अनाज, जो है सेहत से भरपूर,
जिसमें गुण है ऐसे जो कर दे आपके रोग दूर 
पक्षी भी जिसे खाता है ,हमको भी खूब भाता है ,
बताओ तो ज़रा उसका नाम ?
हाँ भई हाँ ,बाजरा है उसका नाम |

खीर तो आपने बहुत खाई होंगी ,पर कभी सोचा है कि बाजरे की खीर भी बनती है ,और वो भी स्वाद एवं सेहत से भरपूर  | चलिए तो आज आपको बाजरे की खीर बनाने का तरीका बताते हैं |
सबसे पहले हम सारी चीजों को एकत्रित कर लेते  हैं जो बाजरे की खीर बनाने के लिए हमें चाहिए हैं |
दूध दो लीटर , कुटा बाजरा एक कटोरी ,चीनी एक कटोरी ,बीस बादाम कतरे हुए , पाँच-छह पिस्ते कतरे हुए ,एक चम्मच इलायची पाउडर , पंद्रह -बीस किशमिश |
अब खीर बनाना आरम्भ करते है | एक भरी तले का भगोना लेकर उसमें दूध उबालकर बाजरा डालकर कम आंच पर पकाते हैं | बीच-बीच में चमचे से चलाते  रहें | लगभग तीस से चालीस मिनिट तक पकने दें | सजावट के लिए थोड़े से पिस्ते एवं बादाम अलग रखकर सारी  मेवा एवं इलायची पाउडर डालकर चलाएँ | अब चीनी डालकर लगातार तीन से पाँच मिनिट तक चमचे से चलाते  रहें | आँच से उतारकर पिस्ते-बादाम से सजाकर सर्व करें |
यह पौष्टिक खीर सर्दी से बचने की अचूक औषधि है | गरम-गरम ही खाएँ |
बाजरे में ऐसे गुण हैं जो हमारे शरीर के शुगर के लेवल को तथा कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करते हैं  |

Wednesday, 11 January 2017

                                                                 केसर वाला दूध 
दूध का ऐसा स्वाद , जो  हमेशा रहे याद

सर्दी , गर्मी या हो मौसम कोई, 
दूध का मुरीद हो जाए हर कोई |

जी हाँ ,धरा पर अमृत के सामान ही है दूध | और फिर केसर वाले दूध की तो बात ही कुछ अलग है | केसर वाला दूध स्वास्थ्य तो बढ़ाता ही है , इसके नियमित सेवन से रंग-रूप भी निखरता है | तो  आपको आज केसर वाला दूध बनाने का तरीका बताते हैं |
केसर के आठ से दस धागे आधा कप दूध में रातभर भीगने दें |
दस से पंद्रह रातभर भीगे बादाम कतरे हुए |
दो से चार पिस्ते कटे हुए |
चीनी दो सौ ग्राम |
एक चौथाई चम्मच इलायची पाउडर |
डेढ़ या दो लीटर दूध में ,रातभर भीगे केसर वाला दूध डालकर उबालें | उबाल आने पर आंच को धीमा कर दें लगभग दस से पंद्रह मिनिट तक धीमी आंच पर पकाएँ | अब चीनी डालें |सजावट के लिए थोड़े से पिस्ते- बादाम अलग कर लें | सारे बादाम-पिस्ते एवं इलायची डालकर दो मिनिट तक चमचे से चलाएँ | आंच बंद कर हल्का ठंडा कर सर्व करें ,ऊपर से पिस्ते-बादाम से सजाएँ |
हर उम्र के व्यक्तियों के लिए सर्वोत्तम आहार है | यह दूध सर्दियों में बड़ा ही लाभकारी है ,यह ठण्ड से बचाता है |
                          गाजर की खीर 
खीर का नाम सुनते ही चावल की खीर का ही विचार आता है | गाजर को तो सभी जानते ही हैं  | लाल-लाल रसीली गाजर देखकर किसका मन नहीं करता खाने का | गाजर है, ही ऐसी- कच्ची खाओ ,सलाद में खाओ ,सब्जी बनाकर खाओ, हलुआ बनाकर खाओ   या फिर खीर बनाकर | गाजर कैसे भी खाओ यह प्राकृतिक गुणों से भरपूर -स्वास्थ्यवर्धक है | तो चलिए आज हम गाजर की खीर बनाते हैं |
सबसे पहले हम खीर बनाने के लिए  सारी आवश्यक चीजों को एकत्रित कर लेते हैं -
लाल-लाल गाजर २५० ग्राम
दूध . लीटर
चीनी स्वादानुसार /२५० ग्राम
१०-१५ बारीक कटे बादाम
-१० काजू
आधा चम्मच इलायची पाउडर
१५-२० किशमिश
दो चम्मच चिरोंजी
एक चम्मच पिस्ता बारीक़ कटा हुआ

सामग्री तैयार है ,अब खीर बनाना आरम्भ करते हैं | सबसे पहले गाजरों को धोकर हलके हाथ से छिलका हटा देते हैं | सभी गाजरों को कद्दूकस कर लेते हैं | एक भारी  तली वाले भगोने में दूध उबालकर उसमें गाजर डालकर आँच कम करके पकाते हैं | बीच-बीच में चमचे से चलाते रहें जिससे तली में दूध चिपके नहीं |कम आँच में लगभग ३५ से ५० मिनिट तक पकाएँ | जब दूध और गाजर आपस में मिली हुई दिखने लगे तो समझिये की खीर तैयार है | खीर पकाते समय किशमिश डालें |चीनी डालकर चलाते रहें |   तैयार खीर को काजू,बादाम ,चिरोंजी से सजाएँ और इलायची पाउडर डालकर गरम-गरम खाएँ एवं खिलाएँ | अपने मुँह का स्वाद एवं सेहत बढ़ाएँ |

Thursday, 5 January 2017

                              मेथी के व्यंजन 

सर्दियाँ आते ही तरह-तरह के साग -सब्जियों से बाजार भर  जाते हैं  | इन्हीं में से एक साग है मेथी | प्राकृतिक गुणों से भरपूर यह गरम तासीर का होता है | सर्दियों में इसको खाने से ठण्ड से तो बचाव होता ही है साथ से यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ाता है | इसको खाने से विभिन्न प्रकार के दर्द भी दूर होते हैं | अतः मेथी का सेवन हर प्रकार से लाभकारी है | 

 प्रतिदिन नए-नए  व्यंजन बना कर सबको खिलाएँ और सबको स्वास्थ्य प्रदान करें | प्रस्तुत  हैं ,मेथी से बने कुछ स्वादिष्ट व्यंजन |    

मेथी के व्यंजन 
१ - मेथी की मठरी
सामग्री-
एक कटोरी बारीक कटी मेथी
एक कटोरी मैदा
एक कटोरी सूजी
एक कटोरी आटा
आधा कटोरी तेल मोयन के लिए
एक चम्मच अजवायन
एक चम्मच मोटी कुटी सौंफ
आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
एक चुटकी हींग
नमक स्वादानुसार |तेल तलने के लिए
विधि- आटा ,सूजी , मैदा तीनों को मिलाकर एक सार कर लें | सारे मसाले एवं मेथी मिलाकर  मोयन के लिए तेल डालें | सबको   मिलाकर एक सार कर लें | थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गूंदे | ध्यान रहे कि आटा थोड़ा कड़क ही रहे | हाथ से मसलते हुए आटे की छोटी-छोटी लोइयाँ बनाएँ | हथेली  से दबाते हुए या बेलन से हल्का बेलते हुए गोल आकार दें | कड़ाही में तेल डालकर गरम करे , जब तेल अच्छी तरह से गरम हो जाए तो गोल-गोल मठरियाँ कड़ाही में डालकर आँच काम कर दें | धीमी आँच पर ही गुलाबी होने तक सेंकें |
गरम-गरम मठरियाँ गरम चाय या कॉफी  तथा चटनी के साथ खिलाएँ |
बच्चों को लांच बॉक्स में भी दे सकते हैं |


 -आलू मेथी की सब्जी

सामग्री-
ताजा मेथी साफ की हुई आधा किलो
मध्यम आकार के दो आलू
दो चम्मच सरसों का तेल
आधा चम्मच अजवायन
चुटकी भर हल्दी
चुटकीभर हींग
आधा चम्मच अमचूर
आधा चम्मच पिसी सौंफ (मोटी )
/ चम्मच गरम मसाला
आधा चम्मच धनिया पाउडर+
नमक स्वादानुसार
विधि -मेथी को धोकर बारीक़-बारीक़ काट लें | आलू छीलकर ,धोकर थोड़े बड़े आकार के चोकोर टुकड़ों में काट लें | कड़ाही में तेल डालकर गरम करें , अजवायन डालकर चटकाएँ | आलू डालकर मंडी आँच पर भूनें |
लगभग दो मिनिट तक भूनें | कटी हुई मेथी डालकर चमचे से चलाये हल्दी , नमक एवं हींग डालकर मिक्स करें | ढककर मंडी आँच पर पकने दें | बीच-बीच में चमचे से उल्ट-पलट करते रहे | जब आलू-मेथी पाक जाए ,तब सारे मसाले डालकर अच्छी तरह से मिक्स करें एवं भूनें | अंत में गरम मसाला डालकर मिक्स करें |
आलू-मेथी की सब्जी खाने की टेबल पर जाने के लिए तैयार है 
पूड़ी ,परांठे या चपाती के साथ खाएँ |
बच्चों के टिफिन में पूड़ी या पराठें के साथ दें |

                                                   ३ -मेथी का परांठा 
मेथी का परांठा बड़ा ही स्वादिष्ट एवं स्वास्थ्यवर्धक होता है | गरम-गरम परांठा भूख को भी जगा देता है ,तो आइये मेथी का परांठा बनाते हैं |

सामग्री - दो कटोरी गेंहूँ का आटा 
२५० ग्राम साफ़ एवं बारीक़ कटी मेथी 
एक  चम्मच अजवायन 
आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर 
आधा चम्मच बड़ी सौंफ कुटी हुई 
एक चम्मच रिफाइंड तेल
चुटकीभर हींग  
१/४ कप दूध  
परांठे सेकने के लिए घी
नमक स्वादानुसार 
विधि-सारी सामग्री को मिलाकर थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम गूंद लें | थोड़ी बड़ी लोई बनाएं और थोड़ा सा बेलकर बीच में हल्का सा घी लगाएं बंद करके मनचाहे आकार जैसे गोल या फिर तिकोना बेलें |ध्यान रहे कि आप थोड़ा मोटा ही बनाएं | मध्यम आंच पर सेकें |
मेथी का गरम-गरम स्वादिष्ट परांठा खाने के लिए तैयार हैं |
बच्चों के टिफिन के लिए एक और व्यंजन तैयार है |

 आप चाहें तो इसी मिश्रण से चपाती भी बना सकते हैं , और थोड़ा कड़क आटा गूंद कर पूड़ी भी बना सकते हैं |                                                     

                           ४ - मेथी की पूड़ी 



Monday, 26 December 2016

रंग -बिरंगा पुलाव
सामग्री - चार व्यक्तियों के लिए
एक कटोरी चावल
एक गाजर मध्यम आकार की (छोटे -छोटे टुकड़ों में कटी हुई )
आधी कटोरी कॉर्न
आधी कटोरी मटर के दाने
चार -पाँच टुकड़े फूल गोभी
एक इंच अदरक बारीक़ -बारीक़ कटी हुई
चार लॉन्ग
एक बड़ी इलायची
दो पत्ते तेज पत्ता
चार-पाँच छोटी इलायची
एक बड़ा चमचा घी
आधा चम्मच हल्दी
आधा चम्मच गरम मसाला
नमक स्वादानुसार
आधा चम्मच जीरा
विधि-चावल को साफ़ करके धोकर एक कटोरी पानी में  लगभग २०-२५ मिनिट के लिए भिगो दें | बड़ी इलायची एवं दो छोटी इलायची के दाने निकालकर थोड़ा कूट लें | कुकर में घी गरम करें ,जीरा डालकर चटकाएँ | अदरक डालें ,इलायची ,तेजपत्ता एवं लॉन्ग डालें,(कुटी हुई लॉन्ग एवं इलायची भी डालें )सारी सब्जियों को डालकर हलके हाथ से चलाते हुए हल्का सा  एक-दो मिनिट  भूनें | पानी निकालकर चावल डालें एवं हलके हाथ से चलाएँ |एक कटोरी पानी डालें एवं हल्दी-नमक डालें ,गरम मसाला डालें तथा कुकर को बंद कर दें | प्रेसर बनने पर मिनिट भर के लिए आंच कम करें और फिर बंद कर दें | प्रेसर निकलने पर  मक्खन डालकर हरे धनिये की चटनी के साथ गरम-गरम परोसें |

Sunday, 13 November 2016

मीठी मठरी (गुड़ की )
सामग्री
मैदा ३०० ग्राम
सूजी २०० ग्राम
गुड़ २०० ग्राम
आधा कप दूध
१००  ग्राम रिफाइंड तेल मोयन के लिए
रिफाइंड तेल तलने के लिए
विधि -  गुड़ को १/१० कटोरी पानी में घुलने तक भिगोएँ | मैदा ,सूजी को तेल , दूध एवं भीग गुड़ डालकर थोड़ा कड़कपन लिए आटा गूंद लें | हाथ से बार-बार मसलते हुए छोटी-छोटी लोइयाँ बनाएँ | बेलन अथवा हाथ की सहायता से गोल-गोल बेलें | चाकू या किसी नोकीली वस्तु से बेली गई मठरी पर कोई भी आकार बना दें | कड़ाही में तेल गरम करें | अच्छी तरह गरम होने पर एक-एक कर मठरी डालकर धीमी आंच पर सेकें |
जब चाहें चाय-कॉफी के साथ खाएँ | बच्चों के लंच बॉक्स के लिए भी यह पौष्टिक आहार है |
The

Thursday, 27 October 2016

खट्टा मीठा आंवला 
सामग्री -
आधा किलो ताज़ा आंवला
एक चम्मच देसी घी
एक चम्मच जीरा
आधा चम्मच गरम मसाला
चार बड़े चम्मच चीनी
 आधा चम्मच काला नमक
आधा चम्मच नमक
एक चौथाई चम्मच हल्दी पाउडर
एक चम्मच लाल मिर्च पाउडर
विधि - आंवलों को धोकर प्रेशर कुकर में आधा गिलास पानी डालकर उबाल लें | एक सीटी आने पर आंच कम कर दें | लगभग तीन से पाँच मिनिट तक पकाएँ | प्रेशर निकलने पर ठंडा कर आंवले के बीज निकाल दें | कढ़ाही में घी गरम करें ,जीरा डालकर चटकने पर सारे आंवलें डालकर उलट-पलट करें | सादा नमक एवं हल्दी डालकर दो मिनिट के लिए ढककर पकाएँ | सारे मसाले एवं चीनी डालकर मिलाएँ | चीनी घुलने एवं चीनी का पानी सूखने तक आंच पर रखें | किसी बर्तन में निकालें | खट्टा-मीठा चटपटा पौष्टिक आंवला तैयार है | यह  एक दो हफ्ते तक उपयोग में लाया जा सकता है |
चटपटी भरवाँ  हरी मिर्च 
सामग्री -
२५० ग्राम मोटी हरी मिर्च
१०० ग्राम बेसन भुना हुआ
आधा चम्मच जीरा
एक चम्मच मोटी सौंफ पिसी हुई
एक चम्मच धनिया पाउडर
एक छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर
एक चम्मच अमचूर पाउडर
१/४ चम्मच गरम मसाला
चुटकी भर हींग
नमक स्वादानुसार
दो चम्मच तेल
विधि -मिर्च को धोकर ,पोंछकर सुखा लें |  सभी मिर्चों को ऊपर से कट लगाते हुए नीचे तक  चीर दें | सभी मसालों को बेसन में मिला लें | एक चम्मच तेल डालें और अच्छी तरह से मिलाएँ | जब मसाले और बेसन अच्छी तरह मिल जाए तो मिर्च में भरें | एक चौड़े मुँह वाली  कड़ाही में तेल डालकर गरम करें | जीरा डालकर चटकाएँ | एक-एक कर सारी मिर्च डालें | हलके हाथ से उलटें -पलटें | लगभग चार-पाँच तक इसी प्रकार पकाएँ | पकाते समय आंच मध्यम रखें | 

Saturday, 17 September 2016


तोरई चने की सब्जी 
सामग्री (चार व्यक्तियों के लिए )
भीगे काले चने एक कटोरी 
आधा किलो तोरई 
एक कटोरी टमाटर का रस या पेस्ट 
एक चम्मच शुद्ध घी 
आधा चम्मच जीरा 
१/४ चम्मच हल्दी 
नमक स्वादानुसार 
धनिया पाउडर एक चम्मच 
लाल मिर्च पाउडर आधा चम्मच 
गरम मसाला १/४ चम्मच 
पिसी मोटी सौंफ आधा चम्मच 
चुटकी भर हींग 

विधि - चनों को धोकर उबाल लें तोरई को छीलकर ,धो कर मनचाहे आकार  में काट लें | प्रेसर कुकर में घी गरम करें , जीरा डालकर चटकाएँ , हींग डालें ,पिसे टमाटर डालें | चमचे से हिलाते हुए भूनें | दो, तीन मिनिट के बाद तोरई एवं चने डालें | सारे मसाले डालकर अच्छी तरह से मिलाएँ |लगभग एक गिलास पानी डालें, ढक्कन बंद करके पकाएँ | तीन ,चार सीटी आने के बाद आँच कम करके लगभग दस मिनिट तक पकाएँ | गरम - गरम पराँठा या चपाती के साथ खिलाएँ |

Friday, 9 September 2016

पालक -पनीर विद कॉर्न 
सामग्री (चार व्यक्तियों के लिए)
आधा किलो ताज़ी पालक
 मध्यम आकार के चार  टमाटर
२०० ग्राम ताज़ा पनीर (छोटे-छोटे टुकड़े )
एक कप कॉर्न
आधा कप ताजा क्रीम / मलाई
एक बड़ा चम्मच शुद्ध घी
एक छोटा चम्मच जीरा
नमक स्वादानुसार
१/४ चम्मच गरम मसाला
१/४ चम्मच लाल मिर्च पाउडर
विधि -पालक को साफ़ कर धो कर उबालकर पीस लें | टमाटर को धोकर मिक्सी में पीस लें | एक कड़ाही में घी डालकर गरम करें |
जीरा डालकर चटकाएँ | यदि मलाई का प्रयोग कर रहे है तो कड़ाही में डालकर अच्छी तरह मिल जाने तक चलाएँ, टमाटर डालकर अच्छी तरह मिक्स होने तक भूनें | यदि क्रीम का प्रयोग कर रहे हैं तो जीरा चटकने के बाद पिसा हुआ टमाटर डालकर सात से दस मिनिट  भूनें | पिसा हुआ पालक डालकर चलाएँ , आँच कम रखें |पालक-टमाटर जब भली-भाँति मिक्स हो जाए तब क्रीम डालकर मिक्स करें | (दो चम्मच क्रीम बचा लें ) पनीर एवं कॉर्न डालकर सारे मसाले डालकर पाँच मिनिट के लिए ढककर पकाएँ | परोसते समय क्रीम से सजाएँ |



Sunday, 14 August 2016

                                                                        तिरंगी सब्जी 
सामग्री (चार व्यक्तियों के लिए )
फ्रेंच बीन्स २०० ग्राम
मध्यम आकार के दो आलू
दो बड़ी गाजर
१/२ चम्मच जीरा
१/४ चम्मच लाल मिर्च पाउडर
१/४ चम्मच अमचूर
१/६ चम्मच गरम मसाला
१/४ चम्मच हल्दी चाहें तो डालें
१/६ चम्मच बड़ी सौंफ पिसी हुई
नमक स्वादानुसार एक चम्मच रिफाइंड तेल
विधि - सभी सब्जियों को अच्छी तरह धोकर पोंछकर सुखा लें | मनचाहे आकार में काट लें | कड़ाही में तेल डालकर गरम करें | जीरा डालकर चटकाएँ | हींग डालें | आलू एवं गाजर को डालकर नमक डालें | यदि आप सब्जी में नारंगी ,हरा और सफ़ेद रंग चाहती /चाहते हैं तो हल्दी का प्रयोग न करें , और अगर आप आप सब्जी में नारंगी ,हरा और पीला रंग चाहती /चाहते हैं तो हल्दी का प्रयोग करें | ढककर पकने दें | बीच -बीच में हलके हाथ से चलाते रहें | जब आलू एवं गाजर लगभग पाक जाए तब शिमला मिर्च डालकर पकने के लिए ढकें | पकने पर सभी मसाले मिलाएँ | अच्छी तरह से भूनें | अंत में गरम मसाला डालें | गरम-गरम परोसें |

तिरंगे भरावन वाला सैंडविच

                                                                                                                                 
  झटपट तैयार ,खाने में पौष्टिक और मजेदार         भरावन

            तिरंगे भरावन वाला सैंडविच 
सामग्री ( लगभग पाँच लोगों के लिए )
एक बड़ी गाजर
एक बड़ी शिमला मिर्च
१५० ग्राम पनीर
एक चम्मच टमाटर का सॉस
१/४ चम्मच लाल मिर्च पाउडर
१/४ चम्मच अमचूर                                                                                                                                                           
नमक स्वादानुसार
देशी घी या बटर सैंडविच पर लगाने के लिए
एक पैकेट ब्रेड
विधि - गाजर को छीलकर धो लें ,शिमला मिर्च को धो लें | दोनों को पोंछकर ,सुखाकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें | पनीर को भी छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें | सभी सामग्री में सभी मसाले व् सॉस मिला लें | सैंडविच मेकर पर घी या बटर अच्छी तरह लगाएँ | ब्रेड के ऊपर घी या बटर अच्छी तरह लगाएँ | हथेली पर  ब्रेड रखकर सामग्री ब्रेड पर रखें | दूसरी ब्रेड पर भी दोनों तरफ घी लगाएँ | दूसरी ब्रेड को सामग्री वाली ब्रेड पर रखकर बिलकुल हलके हाथ से सैडविच मेकर में रखकर पकाएँ | लगभग दो से तीन मिनिट में सैंडविच तैयार होता है | सॉस अथवा हरी चटनी के साथ गरम-गरम परोसें |

Tuesday, 9 August 2016

                                                                        आलू की सब्जी -बेड़मी 
आलू की सब्जी
सामग्री (चार व्यक्तियों के लिए)
पाँच आलू मध्यम आकार के
चार टमाटर मध्यम आकार के
एक चम्मच धनिया पाउडर
१/४ चम्मच हल्दी
एक  छोटा चम्मच जीरा
एक चम्मच मेथी दाना
नमक स्वादानुसार
१/४ चम्मच लाल मिर्च पाउडर
साबुत धनिया एक चम्मच
साबुत बड़ी सौंफ एक चम्मच
एक बड़ा टुकड़ा सूखा आम
दो लाल मिर्च
एक बड़ा चम्मच शुद्ध घी
हरा धनिया बारीक़ कटा हुआ
विधि-टमाटर धोकर मिक्सी में पीस लें | आलू छीलकर काट लें | कुकर में घी गरम करें | जीरा डालकर चटकाएँ | पिसा टमाटर डालकर चलाएँ | कटे  आलू डालकर सारे मसाले मिला दें | इतना पानी डालें कि सारी सामग्री अच्छी तरह डूब जाये ,बल्कि एक इंच ऊपर तक पानी रखें | ढक्कन  बंद कर एक , दो सीटी आने दें | आँच एकदम कम  कर दें | दस से पंद्रह मिनिट तक पकाएँ |आँच से उतार लें | खाते समय हरे धनिये से सजाएँ |
बेड़मी 
मोटा दरदरा आटा तीन कटोरी
मोटा पिसा बेसन आधा कटोरी
एक चमचा रिफाइंड तेल
एक चम्मच नमक
चुटकी भर हींग
बड़ी सौंफ पिसी एक चम्मच
 रिफाइंड तेल टालने के लिए
विधि - सारी सामग्री को मिलाकर थोड़ा -थोड़ा पानी डालकर आटा गूंदें | आटा न तो बहुत सख्त हो न ही एकदम नरम | बल्कि थोड़ा सख्त रखें | दस से पंद्रह मिनिट के लिए ढककर रख दें | कड़ाही में तेल गरम करें |जितनी बड़ी पूड़ी बनानी है उसी हिसाब से लोइयाँ बना लें | पूड़ी थोड़ी मोटी बेलें | अच्छी तरह से गरम तेल में पूड़ियाँ तलें | आलू की गरम सब्जी के साथ गरम -गरम परोसें

Monday, 8 August 2016

                                                             शाही पनीर 
सामग्री (चार व्यक्तियों के लिए )
३०० ग्राम पनीर (मनचाहे आकार में कटा हुआ )
५ बड़े टमाटर
एक कटोरी ताज़ी मलाई या क्रीम
१/४ कटोरी काजू -बादाम का पेस्ट
१ चम्मच धनिया पाउडर
१/२ चम्मच जीरा
१/४ चम्मच हल्दी
१/२ चम्मच लाल मिर्च पाउडर
१/४ चम्मच गरम मसाला
एक बड़ा चम्मच शुद्ध घी
८ से १० काजू
 १० से १५ किशमिश
नमक स्वादानुसार
हरा धनिया बारीक़ कटा हुआ
विधि - टमाटर को धो कर काटकर मिक्सी में पीस लें | कड़ाही में घी गरम करें | जीरा डालकर चटकने दें | टमाटर डालकर चलाएँ | यदि मलाई का प्रयोग कर रहे हैं तो मिक्सी में फेंट कर टमाटर के साथ ही कड़ाही में डाल दें | धीमी आंच पर पकाएँ | जब घी छूटने लगे तब उसमें काजू-बादाम का पेस्ट मिलाएँ | सारे मसाले डालकर अच्छी तरह से मिक्स करें | २ से ३ मिनिट तक  थोड़ा पकने दें | अब उसमें आधा गिलास पानी मिलाएँ | दो उबाल आने पर कटा हुआ पनीर  एवं काजू -किशमिश डालें | धीमी आँच पर पाँच से सात मिनिट तक पकाएँ | आँच से उतारकर हरे धनिये से सजाएँ |

Sunday, 7 August 2016

                                                भरवाँ शिमला मिर्च 
सामग्री  
छह शिमला मिर्च मध्यम आकार की
पनीर २०० ग्राम
एक चम्मच धनिया पाउडर
१/२ चम्मच लाल मिर्च पाउडर
१/२ चम्मच अमचूर
१/४ चम्मच गरम मसाला
१/६ चम्मच बड़ी सौंफ पिसी हुई
दो चम्मच बारीक बेसन
एक बड़ा चम्मच तेल
हरा धनिया बारीक कटा हुआ सजाने के लिए
नमक स्वादानुसार
विधि - शिमला मिर्च को धो कर साफ़ कपडे से पोंछे | डंठल की तरफ से शिमला मिर्च को हल्का सा काट कर अंदर से बीज निकाल लें | पनीर को हाथ से मसल कर एक सार कर लें | सारे मसाले डालकर एक बार फिर से मसलें | एक-एक कर सभी शिमला मिर्च में अच्छी तरह से भरें | अब एक शिमला मिर्च के  चिप्स की तरह तीन टुकड़े कर एक तरफ रखें | इस तरह साड़ी शिमला मिर्च को काटें | काटते समय हलके हाथ से काटे |  काटे हुए टुकड़ों के दोनों तरफ थोड़ा -थोड़ा बेसन लपेटें |चौड़े पैन में तेल गरम करें |शिमला मिर्च डालें सावधानी पूर्वक  उलट -पलट करें  ढककर दो मिनिट के लिए बिलकुल धीमी आँच पर  पकाएँ |आँच से उतार लें |
भरवाँ शिमला मिर्च तैयार है |
नोट -पनीर की जगह आलू भी भरा जा सकता है |
                                          गाजर -बीन्स की सूखी सब्जी
सामग्री  चार व्यक्तियों के लिए
३०० ग्राम फ्रेंच बीन्स
१५० ग्राम गाजर
एक छोटा चम्मच तेल
एक चम्मच धनिया पाउडर
१/४ चम्मच लाल मिर्च पाउडर
१/४ चम्मच अमचूर
१/२ चम्मच जीरा
१/४ चम्मच हल्दी
१/६ चम्मच गरम मसाला
चुटकी भर हींग
नमक स्वादानुसार
विधि - गाजर एवं बीन्स को धोकर अच्छी तरह से पोंछकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें | कड़ाही में तेल गरम करें | जीरा डालकर चटकाएँ ,हींग डालकर कटी हुई सब्जी ,हल्दी एवं नमक डालकर  अच्छी तरह चलाएँ  | आँच बिलकुल कम कर दें ढककर पकने दें | बीच-बीच में चलाते रहें | जब सब्जी पक जाए तब धनिया पाउडर ,लाल मिर्च पाउडर  अच्छी तरह चलाएँ अब अमचूर एवं  गरम मसाला डालें | आँच से उतार लें | सब्जी तैयार है |

 

Saturday, 6 August 2016

साबूदाने की खिचड़ी
सामग्री- चार व्यक्तियों के लिए
एक बड़ी कटोरी साबूदाना
एक आलू उबला हुआ
१/४ चम्मच काली मिर्च 
आधी कटोरी भुनी एवं दरदरी पिसी हुई मूंगफली
एक नीबू ,दो मध्यम आकार की हरी मिर्च
बारीक कटा हुआ हरा धनिया सजाने के लिए
दो  चम्मच रिफाइंड तेल
एक  चम्मच जीरा , नमक स्वादानुसार
विधि- साबूदाने को अच्छी तरह साफ़ करके कम से कम दो से तीन घंटे के लिए भिगो दें | भिगोने के लिए पानी की मात्रा साबूदाने से थोड़ा ही ज्यादा रखें | अधिक सुविधा के लिए साबूदाने को रात में ही भिगोकर ,ढककर फ्रिज में रख दें | बनाने से एक घंटे पहले निकालकर बाहर रख लें | साबूदाने को किसी बड़ी छन्नी में पलट लें , जिससे अतिरिक्त पानी निकल जायेगा | आलू के छोटे-छोटे टुकड़े कर लें | कड़ाही में तेल गरम करें | आलू के टुकड़े डालकर हलके हाथ से भूने एवं निकालकर अलग रख लें | बचे तेल में जीरा डालकर चटकाएं | अब साबूदाना , मूंगफली नमक एवं काली मिर्च डालें | हलके हाथ से अच्छी तरह से चलाएँ | एक से डेढ़ मिनट के लिए बिलकुल धीमी आँच पर ढककर पकाएँ | एक हरी को बारीक-बारीक काट लें एवं एक के चार टुकड़े कर लें | खाने की प्लेट में साबूदाना निकाल लें| नीबू डालें एवं हरी मिर्च और धनिये से सजा कर सबको खिलाएँ |

नोट -साबूदाना यदि आप व्रत में खाना चाहें तो सादे नमक के बजाए सेंधा नमक और रिफाइंड तेल के बजाए देसी घी का प्रयोग करें